बदरीनाथ हाईवे : पहाड़ी से रुक-रुककर गिर रहा मलबा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर कमेड़ा में अब फिर से भूस्खलन सक्रिय हो गया है। एनएचआईडीसीएल की ओर से भूस्खलन वाली पहाड़ी का ट्रीटमेंट भी शुरू कर दिया गया था लेकिन भारी बारिश के कारण पहाड़ी से पत्थर और मलबा फिर गिरने लगा है जिससे यहां वाहनों की आवाजाही मुश्किल से हो पा रही है।
कमेड़ा में हिल साइड सेल्फ ड्रिलिंग एंकर करने के बाद ग्रोटिंग की जा रही थी जिसके बाद पहाड़ी को लोहे की डबल जाली से सुरक्षित करने की योजना थी। मगर बारिश होने पर जाली भी टूट गई और फिर से भूस्खलन शुरू हो गया। अब यहां रह-रहकर मलबा और बोल्डर हाईवे पर गिर रहा है। एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि कमेड़ा में फिर से सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। हिल साइड गेविंग वाॅल का निर्माण किया जा रह है। जबकि बोल्डरों को तोड़कर निचले हिस्से में दीवार निर्माण कार्य किया जा रहा है। पहाड़ी को फिर से सुरक्षित करने का काम शुरू कर दिया गया है। अभी जल निकासी के लिए नाली निर्माण किया जा रहा है। जल्द यहां भूस्खलन पूरी तरह से रुक जाएगा।