करीब 20 मीटर हिस्सा है प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर मैठाणा में हो रहे भू-धंसाव का धीरे-धीरे दायरा बढ़ रहा है। यहां करीब 20 मीटर हिस्से में भू-धंसाव हो रहा है। पुलिस प्रशासन ने यहां वनवे सिस्टम शुरू कर दिया है।
बदरीनाथ हाईवे पर भनेरपाणी, पागलनाला, कमेड़ा, गुलाबकोटी में भूस्खलन के बाद अब मैठाणा में भू-धंसाव तेज हो गया है। यहां दो साल बाद भू-धंसाव सक्रिय हुआ है और हाईवे धीरे-धीरे अलकनंदा की ओर धंस रहा है। चमोली कोतवाली थानाध्यक्ष अनुरोध व्यास का कहना है कि मैठाणा में धीरे-धीरे हाईवे धंस रहा है। वाहनों की आवाजाही वनवे सिस्टम से करवाई जा रही है। यदि हाईवे पर दूसरी ओर से वाहन आए तो वैकल्पिक मार्ग नंदप्रयाग-सैकोट-कोठियालसैंण सड़क से आवाजाही करवाई जाएगी। इधर एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने पर क्षेत्र का उपचार किया जाएगा। हाईवे सुचारु रखने के लिए यहां जेसीबी तैनात कर दी गई है। संवाद