पागलनाला, भनेरपाणी और गुलाबकोटी में भूस्खलन होने से हो गया था बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ/पीपलकोटी। बदरीनाथ हाईवे जगह-जगह भूस्खलन और भू-धंसाव होने से खस्ताहालत में पहुंच गया है। बुधवार को पागलनाला, भनेरपाणी और गुलाबकोटी में हाईवे दिनभर बाधित रहा। हाईवे के दोनों ओर करीब 1000 तीर्थयात्री फंसे रहे। ऐसे में यात्रियों को घंटों फजीहत झेलनी पड़ी।
अपराह्न तीन बजे भनेरपानी में हाईवे करीब एक घंटे के लिए खुला तो इसी बीच करीब 600 तीर्थयात्रियों को गंतव्य के लिए भेज दिया गया। मगर चार बजे फिर से पहाड़ी से भूस्खलन होने से हाईवे बंद हो गया और भनेरपाणी में 400 तीर्थयात्री फंस गए।
मंगलवार रात को पीपलकोटी और ज्योतिर्मठ क्षेत्र में तेज बारिश होने के कारण बुधवार को सुबह करीब पांच बजे पागलनाला, भनेरपाणी और गुलाबकोटी में हाईवे बाधित हो गया।
गुलाबकोटी में हाईवे का करीब 15 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जिससे हाईवे के दोनों ओर से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पाग नाला में भी मलबा आने से वाहनों की आवाजाही अपराह्न 11 बजे तक बंद रही। यहां एनएचआईडीसीएल की दो जेसीबी से मलबा हटाया गया।
सबसे बुरी स्थिति गुलाबकोटी में है। यहां अलकनंदा साइड से भूस्खलन हो रहा है। सुबह पांच बजे हाईवे बंद होने से बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा कर लौट रहे तीर्थयात्री फंस गए। करीब आठ घंटे बाद मलबा हटा और हिल कटिंग की गई जिसके बाद अपराह्न तीन बजे आवाजाही सुचारु हो पाई।
एक घंटे बाद शाम चार बजे भनेरपाणी में फिर से भूस्खलन हो गया जिससे यहां 400 वाहन फंस गए। उन्हें वाहनों में हाईवे खुलने का इंतजार करना पड़ा। वहीं 600 तीर्थयात्री एक घंटे के बीच गंतव्य को भेज दिए गए।
देहरादून से आ रहे अखिलेश सनवाल का कहना है कि उन्हें अपने घर गोविंदघाट जाना था। तीन बजे पीपलकोटी पहुंचे लेकिन भनेरपाणी में हाईवे बाधित होने से उन्हें रात में ठहरने के लिए गोपेश्वर जाना पड़ा। इसके बाद कई तीर्थयात्री अपनी सुविधा के अनुसार होटल में रुके।