मंडल घाटी के खल्ला गांव में प्रसिद्ध अनसूया माता मंदिर में बुधवार को श्रीमद्देवी भागवत कथा और धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हवन पूजन और कुमारी भोजन का आयोजन किया गया। इस दौरान देवी भक्तों ने माता के दर्शन कर मनौतियां मांगीं।
अनसूया मंदिर में 13 अप्रैल से श्रीमद्देवी भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। कथा का वाचन व्यास आचार्य मनोज चमोली कर रहे हैं। ग्राम विकास एवं धर्मस्व समिति खल्ला के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि 22 को पूर्णाहुति के साथ भंडारे का आयोजन होगा। वहीं, नंदप्रयाग के चंडिका मंदिर में नौ दिनों से चल रहा नवरात्र पाठ का बुधवार को समापन हो गया। इस दौरान भक्तों ने भजन-कीर्तन किया और मां चंडिका के दर्शन कर मनौतियां मांगीं। आचार्य पंडित लक्ष्मी प्रसाद सती ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस मौके पर पूर्व प्रधान तेजवीर कंडेरी, नरेंद्र, सौरभ और कुलदीप रौतेला आदि मौजूद थे। घुड़साल गांव में माता इंद्रमति देवी मंदिर में भी रामनवमी पर श्रद्धालुओं ने माता की पूजा-अर्चना कर शृंगार सामग्री भेंट की।