कर्णप्रयाग-नैनीताल हाइवे पर मंगलवार दोपहर को लगा जाम। संवाद
कई जगह बनी जाम की स्थिति, बरात के वाहन भी फंसे
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। मंगलवार को गौचर मेले के कारण अवकाश होने और शादियों में वाहन लगे होने के कारण वाहन संचालन स्टॉप पर वाहनों की संख्या कम रही। ऐसे में लोगों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। कई जगह जाम की स्थिति बनी रही और बरात के वाहन भी फंसे रहे।
प्रतिवर्ष 18 नवंबर को राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले गौचर के लिए चमोली जिले में अवकाश रहता है। ऐसे मेंं जिले भर से लोग गौचर पहुंचते हैं। गांवों से कर्णप्रयाग आने वाली टैक्सियां सीधे गौचर जाती हैं। वहीं मंगलवार को कई शादियां भी थीं। ऐसे में वाहनों के प्वाइंटों पर वाहनों की संख्या कम रही है। कर्णप्रयाग गैरसैंण, नारायणबगड़, थराली, देवाल सहित अन्य मुख्य मार्गों सहित ग्रामीण सड़कों पर भी वाहनों की संख्या कम रही। कर्णप्रयाग से गैरसैंण जाने वाले मोहन सिंह ने बताया कि उन्हें करीब चालीस मिनट बाद वाहन मिल पाया। वहीं गौचर में उमड़ी भीड़ के कारण बदरीनाथ हाईवे पर गौचर से चटवापीपल तक जाम की स्थिति बनती रही जिससे सड़क पर वाहन रेंगते रहे। हालांकि पुलिस, होमगार्ड के जवान यातायात व्यवस्था सुचारु करने में लगे रहे लेकिन अधिक भीड़ के कारण कई बरातों के वाहन भी जाम में फंसे रहे।