कर्णप्रयाग। उपजिला अस्पताल में अब हर बुधवार को नेत्र रोग ओपीडी होगी। यहां नेत्र रोग विशेषज्ञ की तैनाती होने से लोगों को यह सुविधा उपलब्ध हो पाएगी।
उपजिला अस्पताल जिले का दूसरा सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां नारायणबगड़, थराली, देवाल, आदिबदरी, नौटी, नंदानगर, पोखरी सहित आस पास के क्षेत्रों के लोग उपचार और स्वास्थ्य परामर्श के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रति दिन यहां चार सौ से अधिक ओपीडी होती है। लंबे समय से अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ की कमी बनी थी। ऐसे में यहां आने वाले लोगों के लिए आंखों से संबधित उपचार के लिए श्रीनगर अथवा देहरादून जाना पड़ता था। यही नहीं क्षेत्र में संस्थाओं की ओर से लगने वाले नेत्र शिविरों में लोग नेत्र संबधित उपचार करवाने को मजबूर थे। यहां नेत्र रोग विशेषज्ञ की तैनाती से लोगों को राहत मिलेगी। अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीपी पुरोहित के अनुसार अस्पताल में नेत्र रोग की ओपीडी में जरूरी उपकरण और अन्य संसाधन जुटाए जा रहे हैं। हर बुधवार को यहां नेत्र रोग की ओपीडी होगी। जबकि अन्य दिवस पर जिला अस्पताल में चिकित्सक नेत्र रोगियों की जांच करेंगे। संवाद