फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चट्टान टूटने से जोशीमठ-मलारी मार्ग बंद

Sun, 03 Jul 2016 09:01 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चमोली (गोपेश्वर)
विज्ञापन
गोपेश्वर-चमोली-ऊखीमठ सड़क से होकर बदरीनाथ की ओर जाते यात्रा वाहन। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
रविवार को चट्टान टूटने से जोशीमठ-मलारी हाईवे सलधार में बाधित हो गया है। इससे नीती घाटी के 19 गांवों के साथ ही चीन सीमा पर तैनात आईटीबीपी व सेना के जवानों की आवाजाही बंद हो गई है। सलधार में आईटीबीपी के वाहन भी सीमा क्षेत्र की ओर नहीं जा पा रहे हैं।
विज्ञापन


तड़के चार बजे अचानक सनधार में मलारी हाईवे पर चट्टान टूट गई। सुबह आठ बजे से सीमा सड़क संगठन की मशीनों ने हाईवे को खोलने का काम शुरू कर दिया था। इन दिनों जोशीमठ-मलारी हाईवे का चौड़ीकरण कार्य चलने से जगह-जगह चट्टानी भाग से मलबा और बोल्डर छिटक कर सड़क पर आ रहे हैं।

कोठियालसैंण में चमोली-गोपेश्वर मार्ग भी तीन जगहों पर भू-धंसाव से क्षतिग्रस्त है। भेषज संघ कार्यालय के समीप सड़क पर भू-धंसाव जारी है। यहां विद्युत सब स्टेशन के समीप भी करीब दस मीटर सड़क क्षतिग्रस्त है। हालांकि लोनिवि ने सड़क को छोटे वाहनों के लिए तो खोल दिया है। यहां पुश्तों का निर्माण जल्द नहीं होने से लंबे समय के लिए गोपेश्वर का अन्य क्षेत्र से संपर्क कट जाएगा।
विज्ञापन


बदरीनाथ हाईवे पर शुरू हुई आवाजाही
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर शनिवार शाम साढ़े छह बजे छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। इससे रविवार को तीन दिन से यात्रा पड़ाव चमोली, पीपलकोटी, जोशीमठ, गोविंदघाट और पांडुकेश्वर में रुके तीर्थयात्री अपने वाहनों से गोपेश्वर, ऊखीमठ होते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचे। शनिवार रात नौ बजे तक यात्रा वाहनों की निकासी हुई। जबकि रविवार को सुबह पांच बजे से यात्रा वाहनों को निकाला गया।

30 जून और एक जुलाई को बदरीनाथ हाईवे मैठाणा से चमोली बाजार तक करीब पांच किमी के दायरे में पांच जगहों पर अवरुद्ध था। तब से पांच हजार तीर्थयात्री अपने वाहनों सहित यात्रा पड़ावों में फंसे थे।

जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन का कहना है कि बदरीनाथ हाईवे को सुचारु करने के लिए बीआरओ की मशीनें और मजदूर जुटे हैं। कोठियालसैंण-सैकोट-नंदप्रयाग मार्ग को भी खुलवाने के लिए लोनिवि को निर्देश दे दिए गए हैं। शीघ्र हाईवे सहित अन्य सड़काें पर आवाजाही सुचारु करवा दी जाएगी।

सेना की जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति ठप
गोपेश्वर। चमोली जनपद धार्मिक के साथ ही सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में हाईवे के अवरुद्ध होने से चीन सीमा क्षेत्र में स्थित जोशीमठ और मलारी क्षेत्र में सेना की जरूरी स्तुओं की आपूर्ति भी ठप पड़ गई है। इन क्षेत्रों में सब्जी, दूध, अंडा, समाचार पत्र सहित अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति ठप पड़ी है।

सड़क के  जल्दी नहीं खुलने से जनपद में इन हिस्सों में रसोई गैस, मिट्टी तेल, रसद, डीजल, पेट्रोल जैसी उपयोगी वस्तुओं का भी संकट हो सकता है। इधर, जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी आरएस राणा का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात से पहले अग्रिम रसद पहुंचाई जा चुकी है। सड़कों के सुचारु होते ही फिर ग्रामीण क्षेत्रों में रसद की आपूर्ति की जाएगी।

चमोली जिले में 62 सड़कें बंद
गोपेश्वर। अतिवृष्टि से चमोली जनपद में 62 सड़कें, 38 पेयजल लाइनें और सात विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घाट क्षेत्र में 33 केवी की विद्युत लाइन भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। ऊर्जा निगम की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था कर क्षेत्र में विद्युत सप्लाई सुचारु की गई है।

बदरीनाथ हाईवे पर चमोली बाजार, मैठाणा और बाजपुर में दूरसंचार की ओएफसी लाइन क्षतिग्रस्त होने से गोपेश्वर, जोशीमठ, पीपलकोटी और दशोली क्षेत्र में बीएसएनएल की मोबाइल और ब्राडबैंड सेवा तीन दिनों से ठप है।

यात्रा पड़ावों पर फंसे तीर्थयात्री भी संचार सेवा ठप होने से अपने संबंधियों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। पोखरी क्षेत्र में पोखरी-गोपेश्वर, पोखरी-रौता, हापला-धोतीधार, पोखरी-नंदप्रयाग सड़कें  क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति ठप है। जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सरकारी परिसंपतियों के नुकसान की रिपोर्ट जल्द ही शासन को भेजी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें