जोशीमठ। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) इन दिनों बदरीनाथ हाईवे को दुरुस्त करने में जुटा है। साथ ही नगर की सड़कों का डामरीकरण किया जा रहा है। विगत वर्ष भू-धंसाव के बाद से नगर की सड़क बदहाल स्थिति में पहुंच गई थी। कई जगहों पर सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई थी। अब चारधाम यात्रा को देखते हुए बीआरओ ने सड़क पर डामर बिछाना शुरू कर दिया है। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले जोशीमठ से मारवाड़ी तक हाईवे चौड़ीकरण कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। हाईवे संकरा होने के कारण यहां बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। इस बार यहां हाईवे चौड़ीकरण से जाम की स्थिति नहीं आएगी। संवाद
इंसेट
इधर... बदरीनाथ हाईवे पर नहीं बिछा डामर, दुकानों में जा रही धूल
पीपलकोटी (चमोली)। बदरीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य पीपलकोटी के साथ ही मायापुर, गडोरा और गढ़ी बाजार के लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। कार्यदायी संस्था एनएचआईडीसीएल की ओर से यहां चौड़ीकरण कार्य तो पूरा कर लिया है लेकिन डामरीकरण कार्य छोड़ दिया गया है। ऐसे में यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ती रहती है जो दुकानों में घुस जाती है। ऐसे में दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान बंद करने पड़ रहे हैं। निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश बंडवाल, विनोद सिंह रावत, कुंदन सिंह, तारा दत्त थपलियाल, पुष्कर कठैत और भावना देवी ने कहा कि दो साल से पीपलकोटी क्षेत्र में ऑलवेदर रोड परियोजना का काम पूरा नहीं हुआ है। साथ ही यह यात्रा पड़ाव भी है। मायापुर, गडोरा और गढ़ी में भी आम लोगों के साथ दुकानदार हाईवे पर उड़ रही धूल से परेशान हैं। इधर, एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन से डामरीकरण की अनुमति ली जा रही है। यात्रा शुरू होने से पहले डामरीकरण कार्य कर दिया जाएगा। संवाद