नगर के मुख्य बाजार में एक ज्वैलरी की दुकान से ठगी का मामला प्रकाश में आया है। दुकानदार ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई है।
मुख्य बाजार में जितेंद्र कुमार गोयल की ज्वैलरी की दुकान है। बृहस्पतिवार दोपहर को दो युवक सोने की चेन खरीदने दुकान में आए। चेन दिखाने के बाद युवकों ने चेन खरीदने से मना कर दिया।
इस दौरान चेन के चार-पांच डिब्बों में से एक डिब्बा (बॉक्स) गायब हो गया, जिसका पता दुकानदार को शाम के समय अन्य ग्राहक आने पर लगा। एक डिब्बा गायब देख दुकानदार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
जितेंद्र कुमार ने कहा कि एक डिब्बे में करीब 5 तोले से अधिक की चेन रहती है। ऐसे में दोनों युवक करीब डेढ़ लाख के माल पर हाथ साफ कर गए। दुकानदार की शिकायत पर एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इंसेट
नहीं लगे थे सीसीटीवी कैमरे
ज्वैलरी की दुकान में सीसीटीवी कैमरे न होने का फायदा युवकों ने उठाया। पुलिस थाना प्रभारी पीसी भट्ट ने बताया कि लगातार बैठकों के माध्यम से एटीएम सेंटरों, बैंकों और ज्वैलरी सहित बड़ी मोबाइल कंपनी, होटलों और कारोबारियों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बावजूद इन निर्देशों पर अमल नहीं हो पा रहा है। जिस दुुकान में ठगी की शिकायत है वहां भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे।