नंदप्रयाग-कोठियालसैंण सड़क पर लगा वाहनों का जाम।
- फोटो : GOPESHWAR
ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत बदरीनाथ हाईवे के चमोली चाड़े पर चल रहे कार्य के कारण यातायात नंदप्रयाग-सैकोट-कोठियालसैंण सड़क पर डायवर्ट कर दिया गया है, लेकिन यहां सड़क संकरी और तीखे मोड़ होने के कारण जाम की स्थिति बन रही है। सोमवार को सड़क पर बस और ट्रकों की आवाजाही से दोपहर बाद जाम की स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़। यातायात को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था भी नहीं की गई है, जिससे चालक स्वयं ही वाहनों को आगे पीछे कर यातायात को सुचारु करने में जुटे रहे।
ऑल वेदर रोड परियोजना कार्य को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से नंदप्रयाग-कोठियालसैंण (12 किमी) सड़क पर डामरीकरण कार्य करवाया गया है लेकिन सड़क के मोड़ों पर कटिंग न होने से यहां बड़े वाहन फंस रहे हैं। सैकोट गांव, झूलाबगड़, आमडाली, बालखिला और कोठियालसैंण में सड़क पर तीखे मोड़ हैं। इन मोड़ों पर भी वाहन फंस रहे हैं। प्रशासन ने कोठियालसैंण रोड पर यातायात नियंत्रित करने के लिए पुलिस व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन यहां पुलिस की तैनाती नहीं की गई है। इधर, पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान का कहना है कि कहीं भी वाहनों के जाम की स्थिति नहीं है। कई जगहों पर बसों के कारण जाम लग रहा होगा, उसे दिखवाया जाएगा। डीएम के साथ इस सड़क पर यातायात का जायजा लिया जा चुका है।