औली में दो दिवसीय विंटर कार्निवाल का रंगारंग आगाज
12.5 किमी की स्नो मैराथन में आईटीबीपी की सोलमा सोरंग और स्काउट के देवेंद्र ने जीता स्वर्ण
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। हिमक्रीड़ा स्थली औली में शनिवार से दो दिवसीय विंटर कार्निवाल का रंगारंग आगाज हो गया। पहले दिन हुई प्रतियोगिताओं में आईटीबीपी के खिलाड़ियों ने दबदबा बनाया। 12.5 किमी की स्नो मैराथन के महिला वर्ग में आईटीबीपी की सोलमा सोरंग ने स्वर्ण, आईटीबीपी की कुसुम राणा रजत और उत्तराखंड की सरोजनी ने कांस्य पदक जीता।
भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड इस कार्निवाल का आयोजन करवा रहा है। शनिवार को कार्निवाल का आगाज मैराथन से हुआ। उसके बाद भोटिया जनजाति की महिलाओं ने पौणा नृत्य के साथ रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं पहले दिन स्नो मैराथन, घुड़सवारी, योग आदि प्रतियोगिताएं हुईं। 12.5 किमी की स्नो मैराथन के महिला वर्ग में आईटीबीपी की सोलमा सोरंग ने स्वर्ण, आईटीबीपी की कुसुम राणा रजत और उत्तराखंड की सरोजनी कांस्य पदक जीता। पुरुष वर्ग में गढ़वाल स्काउट के देवेंद्र सिंह स्वर्ण, उत्तराखंड के रोहित ने रजत और उत्तराखंड के ही विजय सिंह ने कांस्य पदक जीता। नोडिक वॉक रेस (ट्रैकिंग रूट पर दौड़ना) के महिला वर्ग में आईटीबीपी की पूजा भट्ट ने स्वर्ण, आईटीबीपी की किरन रजत व आईटीबीपी की सबाना ने कांस्य पदक जीता। पुरुष वर्ग में उत्तराखंड के हिमांशु ने स्वर्ण, आईटीबीपी के राजेश कुमार ने रजत और आईटीबीपी के ही रजत शर्मा ने कांस्य पदक जीता। हार्स राइडिंग में विवेक चौहान प्रथम, जयप्रकाश सिंह द्वितीय और दिव्यांशु चौहान तृतीय स्थान पर रहे। उद्घाटन मुख्य अतिथि आईटीबीपी औली के आईजी अखिलेश रावत और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका ज्योतिर्मठ की अध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने किया। इस मौके पर विंटर गेम फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष हर्षमणि व्यास, सचिव अजय भट्ट, लक्ष्मण मेहता, विकेश डिमरी, नानक चंद ठाकुर आदि मौजूद रहे।