गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने टनल हादसे के संबंध में ली समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। गढ़वाल आयुक्त आनंदस्वरूप ने श्रम अधिकारी को टीएचडीसी की परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के पीएफ संबंधी अभिलेखों की जांच कर स्पष्ट और तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाए साथ ही प्रकरण की जानकारी श्रम आयुक्त को भी उपलब्ध कराएं।
गढ़वाल आयुक्त ने सोमवार को जिला सभागार में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने घटना के बाद चल रहे रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। उन्होंने रेस्क्यू अभियान को गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि टनल के अंदर से तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं। अब एक पोकलेन मशीन और एक डंपर को हटाने का कार्य जारी है। उन्होंने श्रमिकों के हितों से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए उनके पीएफ की जांच करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एडीएम विवेक प्रकाश, एसडीएम आरके पांडे और अलकेश नौडियाल आदि मौजूद रहे।