पोखरी क्षेत्र में बिजली के तार और एक बाइक की थी चोरी
गिरोह के सरगना चमोली सलीम को पुलिस ने बिजनौर से किया गिरफ्तार
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी/गोपेश्वर। पुलिस ने पोखरी क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के सरगना को पुलिस ने बिजनौर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी में पुलिस जुटी है।
वादी अरुण बासकंडी निवासी ग्राम विशाल ने आठ दिसंबर को पोखरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। कहा कि हापला-गोपेश्वर रोड पर बामनाथ से आगे टाटा कंपनी के बिजली के एसीएसआर मोसे कंडक्टर तार चोरी हो गए हैं। इन तारों को टीएचडीसी पीपलकोटी विद्युत परियोजना के तहत लगने वाले पोल पर लगाया जाना था। नौ दिसंबर को सत्येंद्र सिंह बिष्ट निवासी हाल निवासी पीएनबी त्रिशूला पोखरी ने शिकायत दर्ज कराई कि पीएनबी त्रिशूला के पास खड़ी उनकी बाइक चोरी हो गई। एसपी के निर्देश पर पोखरी थानाध्यक्ष रुकम सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सीलम निवासी अकबराबाद थाना कोतवाली देहात, जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी सीलम ने बताया कि वह तीन अन्य साथियों के साथ हापला-गोपेश्वर सड़क पर रखे तार चोरी कर रहे थे। आठ दिसंबर की रात को भी वे चोरी करने पहुंचे लेकिन तभी पुलिस के आने की भनक लगी तो वे भागने लगे। मगर उनका वाहन बंद हो गया। वे वाहन वहीं छोड़कर भाग गए। घर जाने का साधन नहीं मिला तो बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर भाग गए। नंदप्रयाग के पास सुबह हो गई तो पकड़े जाने के डर से बाइक झाड़ियों में छिपा दी और बस से अपने घर चले गए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बाइक और कब्जे से तार भी बरामद कर लिए। आरोपी के खिलाफ यूपी में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का खुलासा किया है। चोरी में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।