गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में एक मार्च से शुरू हो रहे बजट सत्र को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए। इसके लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए।
डीएम ने नोडल अधिकारियों को सत्र के दौरान मंत्रियों, विधायकों और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए आवास व्यवस्था, आवासों की सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। एसडीएम को गैरसैंण, आदिबदरी, कर्णप्रयाग, गौचर सहित जिले की सीमा से जुड़े अन्य जिलों के गेस्ट हाउस और होटलों में कमरे अधिग्रहीत करने को कहा। सत्र के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग लगाने, सुरक्षा बलों के ठहरने के लिए उचित व्यवस्था, भराड़ीसैंण, गैरसैंण, आदिबदरी, सिमली आदि स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस तैनात करने के निर्देश दिए। डीएम ने भराड़ीसैंण में अस्थायी स्वास्थ्य सेंटर बनाने, पेट्रोल पंपों में पर्याप्त स्टॉक रखने आदि के निर्देश दिए। बैठक में एसपी यशवंत सिंह चौहान, डीएफओ अमित कंवर, सीडीओ हंसादत्त पांडे, सीटीओ डा. तंजीम अली, उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एसई लोनिवि मुकेश परमार, सीईओ एलएम चमोला, एसीएमओ डा. उमा रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।