गोपेश्वर। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने चमोली से बदरीनाथ धाम तक यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को सभी सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने हाईवे पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, वाहन पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने के निर्देश दिए। कहा कि यातायात प्लान के तहत वाहनों की आवाजाही करवाएं। धाम के साथ ही मार्ग पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर प्रकाश की व्यवस्था, बैठने के लिए बेंच, वाटर एटीएम और साइन बोर्ड लगाए जाएं। बदरीनाथ धाम में स्थापित अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती के साथ ही जीवन रक्षक दवा, उपकरण और ऑक्सीजन का पर्याप्त स्टॉक रखें। बदरीनाथ धाम में महायोजना के कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। पीआईयू के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने धाम में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ट, लोनिवि के मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, सीएमओ डॉ. राजीव शर्मा, सीओ पुलिस अमित कुमार, डीएसओ जसवंत कंडारी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेंद्र पांडे आदि मौजूद रहे।