ग्रामीणों ने डीएम से की मुलाकात, गांव में कई दिनों से नहीं हो रही है आपूर्ति
गोपेश्वर। जिलाधिकारी डाॅ. संदीप तिवारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को दशोली ब्लॉक के दोगड़ी गांव में पेयजल योजना का सुधारीकरण कार्य कर सुचारु पेयजल सप्लाई करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से भेंट कर उन्हें पेयजल किल्लत के बारे में अवगत कराया था।
ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देते हुए कहा कि दोगड़ी गांव में सप्लाई हो रही पेयजल योजना पर कई दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है, जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी की व्यवस्था करना मुश्किल बना हुआ है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अमित कन्याल, पूर्व ग्राम प्रधान भगत कन्याल, प्रकाश सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह, भूपेंद्र बिष्ट, लखपत सिंह, विक्रम सिंह, गोविंद सिंह, हुकम सिंह, मदन सिंह और एमएस बिष्ट ने कहा कि गरमी शुरू होते ही क्षेत्र में पेयजल की समस्या भी शुरू होने लगी है।
कहा कि दोगड़ी गांव में वर्तमान समय में 150 परिवार निवास कर रहे हैं। गांव के लिए बमियाला गांव के केदारनगर के गुगदना तोक में स्थित प्राकृतिक जलस्रोत से पानी की सप्लाई होती है। लेकिन पेयजल लाइन पुरानी होने के कारण जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। जिस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल योजना के मुख्य स्रोत से ही लाइन का सुधारीकरण कार्य करने और गांव में पर्याप्त पेयजल सप्लाई के निर्देश दिए हैं।