चमोली जिले के नंदप्रयाग नगर पंचायत में सौर ऊर्जा से चलने वाला सेंसर युक्त शौचालय बनाया गया है। बृहस्पतिवार को दर्जाधारी (उपाध्यक्ष खनन एवं विपणन) राजकुमार पुरोहित ने इसका उद्घाटन किया। नंदप्रयाग नगर पंचायत की अध्यक्ष डा. हिमानी वैष्णव ने बताया कि सौर ऊर्जा से चलने वाला यह प्रदेश का पहला शौचालय है।
नगर पंचायत नंदप्रयाग की ओर से अत्याधुनिक तकनीकी वाला शौचालय बनाया गया है। करीब छह लाख रुपये की लागत से बने इस शौचालय में सेंसर लगे हुए हैं, जिसमें हाथ नल के नीचे रखने पर पानी अपने आप आ जाएगा। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रघुबीर राय ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत इस शौचालय को बनाया गया है। शौचालय बनाने में करीब ढाई लाख और सौर ऊर्जा लगाने में ढाई लाख की लागत आई है। नगर पंचायत अध्यक्ष डा. हिमानी ने कहा कि शौचालय बनने सेे यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी सुविधा मिलेगी। साथ ही नगर को स्वच्छ बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। इस अवसर पर शेखर वर्मा, कुंवर कंडेरी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य उषा रावत मौजूद थे।