बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के पहले राउंड से ही प्रत्याशियों के समर्थकों की धड़कनें बढ़ती रहीं। आधे राउंड तक स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि भाजपा के महेंद्र भट्ट जीतेंगे या कांग्रेस के राजेंद्र भंडारी बाजी मारेंगे। मतगणना के अधिकांश राउंडों में मतों का अंतर 100 से 200 रहा।
बदरीनाथ सीट चमोली जिले की हॉट सीट रही। मतगणना के शुरू से आए रुझानों ने इस बात को साबित किया कि टक्कर कांटे की है। पहले राउंड की गणना में भाजपा के महेंद्र भट्ट 88 वोटों से आगे रहे। दूसरे राउंड में उनकी बढ़त 370 की हो गई। तीसरे राउंड में महेंद्र भट्ट 171 अधिक मत लाए और लीड बढ़कर 541 हो गई, लेकिन चौथे राउंड से उनकी लीड कम होनी शुरू हो गई। पांचवें राउंड में महेंद्र भट्ट की लीड कम होकर 247 हो गई, लेकिन फिर छठे राउंड में उन्होंने बढ़त बनाते हुए लीड को 440 तक पहुंचा दिया। मगर अगले राउंड में वह उसे बरकरार नहीं रख सके और अब भाजपा मात्र 161 मतों से ही आगे थी। आठवें राउंड में राजेंद्र भंडारी ने लीड बनाई, लेकिन मात्र एक वोट की। उसके बाद भंडारी हर राउंड में थोड़ी-थोड़ी लीड बनाते गए। हालांकि मतों का अंतर कम होने के चलते आखिरी राउंड तक प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की धड़कन तेज बनी रही।
---------
कर्णप्रयाग में अंतिम चार राउंड में जीती भाजपा
गोपेश्वर। कर्णप्रयाग सीट पर भी भाजपा-कांग्रेस में कड़ा मुकाबला बना रहा। इस सीट पर कांग्रेस के मुकेश नेगी ने पहले राउंड से लीड बनाए रखी। चौथे राउंड तक उनकी लीड 2210 की हो गई, लेकिन उसके बाद भाजपा के अनिल नौटियाल ने शानदार तरीके से कमबैक किया और मतों का अंतर कम होने लगा। आठवें राउंड में मतों का अंतर मात्र 753 रह गया। नौवें राउंड में भाजपा के अनिल नौटियाल 183 मतों से आगे हो गए, लेकिन दसवें राउंड में उन्हें बंपर वोट मिले। इस बार नौटियाल 2976 मत हासिल करने में सफल रहे। जबकि कांग्रेस के मुकेश नेगी इस राउंड में मात्र 834 मत हासिल कर सके, जिसके बाद मतों का अंतर 2509 हो गया। 11वें राउंड में यह अंतर और भी बढ़कर 3929 होने के साथ ही भाजपा ने आखिरी राउंड में शानदार जीत दर्ज कर ली। संवाद
---------------
थराली में भाजपा ने शुरू से बनाए रखी बढ़त
गोपेश्वर। जिले की थराली विधानसभा से भाजपा के भूपाल राम टम्टा ने कांग्रेस के डा. जीतराम को भारी मतों से हराया। इस सीट पर मतगणना के किसी भी राउंड में कांग्रेस भाजपा से आगे नहीं निकल पाई, जिसके बाद आखिरी में भारी मतों से यह सीट भाजपा के खाते में चली गई। संवाद
मोदी मैजिक यहां भी कमाल कर गया
थराली। बीजेपी ने थराली विधानसभा सीट से जीत की हैट्रिक लगाई है। इससे पहले वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव और 2018 के उपचुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। हालांकि एक्जिट पोल में यहां से कांग्रेस को आगे बताया जा रहा था, लेकिन इसके उलट यहां का चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में रहा है। यहां से भाजपा प्रत्याशी भूपालराम टम्टा ने कांग्रेस के डॉ. जीतराम को शिकस्त दी है। हालांकि डॉ. जीतराम ने भी भाजपा प्रत्याशी को कड़ी टक्कर दी। यहां मतदाताओं ने मोदी के नाम पर वोट दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का चुनाव अभियान भी सबसे पहले थराली के रामलीला मैदान से ही शुरू हुआ था। इसका लाभ भी बीजेपी को मिला। वहीं इस बार के चुनाव प्रचार अभियान में थराली में कांग्रेस का कोई भी बड़ा चेहरा यहां नहीं पहुंचा और कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. जीतराम ने अकेले ही अपने चुनाव अभियान की कमान संभाली। वहीं, बीजेपी के मजबूत संगठनात्मक ढांचे ने अपने प्रत्याशी के लिए पूरी ताकत लगाई। संवाद