नगर पालिका गोपेश्वर ने चमोली बाजार से फड़, ठेलियों को सात दिन में हटाने का नोटिस चस्पा किया है। इसको लेकर फड़, ठेली व्यापारी परेशान हो गए हैं।
चमोली बाजार में फड़, ठेली लगाने वाले विक्रम रावत और नरेंद्र बिष्ट का कहना है कि नगर पालिका की ओर से सात दिनों में फड़ और ठेलियां हटाने का नोटिस उनकी फड़ और ठेलियों पर चस्पा किया गया है। उनका कहना है कि छोटा-मोटा काम करके वह अपनी आजीविका चला रहे हैं। नगर पालिका उनसे हर दिन तहबाजारी के 20 रुपये वसूलती है। उसके बावजूद उनको अचानक हटने को कह दिया गया है। कहा कि दो साल से कोरोना के कारण कामकाज काफी प्रभावित रहा है। अब यात्रा सीजन शुरू होने वाला है। यात्रा काल में उन्हें भी उम्मीद थी कि उनकी भी कुछ कमाई हो जाती, लेकिन नगर पालिका ने उन्हें अचानक हटने के लिए कह दिया गया है। विक्रम रावत और नरेंद्र बिष्ट ने कहा कि यदि उनका उत्पीड़न किया गया तो वह भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।