केदारनाथ की तीर्थयात्रा के बाद इसी मार्ग से बदरीनाथ पहुंचते हैं श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए लोनिवि (एनएच) ने चमोली-ऊखीमठ-कुंड हाईवे का सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया है। हाईवे पर जगह-जगह कॉजवे, मंडल में जड़ी-बूटी शोध संस्थान से आगे हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करने के साथ ही डामरीकरण कार्य भी शुरू हो गया है।
केदारनाथ की तीर्थयात्रा करने के बाद अधिकांश श्रद्धालु इसी मार्ग से होते हुए बदरीनाथ धाम जाते हैं। विगत वर्षों में भूस्खलन और भू-धंसाव के कारण हाईवे खराब स्थिति में पहुंच गया है। कांचुलाखर्क से चोपता तक मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और पुश्ते क्षतिग्रस्त पड़े हैं। जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी के निर्देश पर एनएच ने हाईवे सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया है। ग्वाड़ गांव के समीप हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्से में पुश्ता निर्माण और जगह-जगह नाली निर्माण किया जा रहा है। जड़ी-बूटी शोध संस्थान से आगे हाईवे पर डामर बिछाया जा रहा है। कांचुलाखर्क से आगे भी काम जारी है। एनएच के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडेय का कहना है कि हाईवे को चारधाम यात्रा से पहले चाक-चौबंद कर लिया जाएगा। हाईवे के चट्टानी भागों में सुरक्षात्मक कार्य भी किए जा रहे हैं।