मोख तल्ला गांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/नंदानगर। मोख तल्ला ग्राम पंचायत के चांचड़ी, चकलाखेत और मल्ला बारों गांव के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी से भेंट की। डीएम को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने मोख बारों से मल्ला बारों तक सड़क का निर्माण 15 दिनों में शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। निर्णय लिया गया कि जब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होता तब तक वे शासन-प्रशासन के किसी भी कार्यक्रम में प्रतिभाग नहीं करेंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क न होने से क्षेत्र के लोग आज भी गंतव्य तक जाने के लिए करीब पांच किलोमीटर की पैदल दूरी तय करने के लिए मजबूर हैं। बुजुर्गों के साथ ही छात्र-छात्राओं को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुलप सिंह भंडारी, ग्राम प्रधान/प्रशासक सुमेर सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य ओमप्रकाश, वन सरपंच पंकज कुमार, पूर्व प्रधान केवल सिंह नेगी, हुकमी राम, स्मृति देवी, चरण सिंह नेगी, अंकेश भंडारी, पवन, मीनाक्षी और सुनीता आदि मौजूद रहे।
बरातघर निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर करने की मांग
गोपेश्वर। नगर के शिवशक्ति नगर के लोगों ने जिलाधिकारी से भेंट कर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के विश्राम गृह के समीप निर्माणाधीन बरातघर के निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर करते हुए निर्माण की मांग उठाई। कहा गया कि गोपीनाथ रुद्रनाथ मंदिर समिति की ओर से बेवजह भूमि को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है। जबकि पूर्व में समिति की ओर से ही मौजूदा भूमि को अनुसूचित जाति के लोगों को बरातघर के निर्माण के लिए दिया गया था।
पूर्व पालिकाध्यक्ष पुष्पा पासवान, सभासद संजय कुमार, जगदीश लाल, राजेंद्र, नरेंद्र, कमला देवी, गोदांबरी, राहुल, आशा, चंद्रलाल, दलीप चंद्र आदि ने कहा कि गोपीनाथ-रुद्रनाथ प्रबंध समिति के पूर्व प्रबंधक स्वर्गीय अनसूया प्रसाद भट्ट की ओर से अनुसूचित जाति के लोगों की समस्या को देखते हुए मंदिर समिति की भूमि पर बरातघर निर्माण की अनुमति दी गई थी। भूमि पूजन के बाद बरातघर का निर्माण भी शुरू हो गया था, लेकिन अब मौजूदा समिति की ओर से कार्य रुकवाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित करने का आश्वासन दिया है। संवाद