खनसर घाटी के नौगांव में मंगलवार को हुई महिला की हत्या के मामले में राजस्व पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नायब तहसीलदार राकेश पल्लव ने बताया कि राजस्व पुलिस ने मंगलवार को नौगांव की अनीता देवी (35) पत्नी केदार सिंह का शव गांव के पास ही झाड़ियों से बरामद किया था। घटना के दूसरे दिन मृतका के पिता पत्थरकटा गांव निवासी राजे सिंह की तहरीर पर अनीता देवी के पति केदार सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि राजस्व पुलिस ने आरोपी के गांववालों के बयान लिए और सबूतों के आधार पर आरोपी केदार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद कर ली गई है। शुक्रवार को आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट गैरसैंण की अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट के आदेश पर उसे पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है।