बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिरही गंगा के किनारे स्थापित हॉट मिक्स प्लांट को किसी भी सूरत में बंद नहीं किया जाएगा। ये बात जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने कही। कहा कि ग्रामीणों की समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से जनहित के कार्यों में सहयोग की अपील की।
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से पीपलकोटी से जोशीमठ तक बदरीनाथ हाईवे का विस्तारीकरण और चौड़ीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जबकि पांडुकेश्वर से हनुमान चट्टी तक हाईवे का समतलीकरण कार्य किया जाना है।
इसके लिए बिरही में हॉट मिक्स प्लांट स्थापित किया गया है लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते प्लांट का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है। डीएम ने कहा कि प्रतिवर्ष बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा के लिए लाखों लोग आते हैं। यात्रियों के लिए आस्था पथ सुगम और सुरक्षित बनाने के पूरे इंतजाम किए जाने हैं। हॉट मिक्स प्लांट शुरू नहीं होगा तो लाखों तीर्थयात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ेगी।