जिला प्रशासन और बीआरओ की लाख कोशिशों के बावजूद बिरही में स्थित हॉट मिक्स प्लांट के संचालन की उम्मीद फिर धूमिल होती नजर आ रही है। बिरही के ग्रामीणों ने डीएम को दिए ज्ञापन में चेेतावनी दी यदि प्लांट का संचालन शुरू हुआ तो बच्चों समेत प्लांट स्थल पर सामूहिक आत्मदाह कर देंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि प्लांट को आबादी क्षेत्र के समीप स्थापित किया गया है। इससे निकलने वाले हानिकारक धुएं से ग्रामीण कई बीमारियों की जद में आ जाएंगे। प्लांट से निकलने बाली बदबूदार गैस से गांव में रहना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने प्लांट अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग उठाई।
इस मौके पर जनजाति भोटिया विकास समिति के अध्यक्ष ठाकुर सिंह राणा, सचिव धीरेंद्र सिंह गरोड़िया, श्यामा देवी, पुन्नी देवी, पार्वती, बीना, देवकी, दीपा, राम सिंह, तेज सिंह, मंजू, दमयंती, प्रेमा देवी, गुलाब सिंह आदि मौजूद थे।
डीएम विनोद कुमार सुमन का कहना है कि यह जनहित का कार्य है इस पर विवाद नहीं करना चाहिए। प्लांट के बिना सड़क सुधार का कार्य नहीं हो सकता। यदि प्लांट संचालन में कोई रोड़ा अटकाएगा तो कार्रवाई की जाएगी।