देवाल। कालीताल से आगे एक माह से बंद पीएमजीएसवाई हिमनी-बलाण सड़क खुलने पर ग्रामीणों को राहत मिली। अब गांव में राशन, सब्जी समेत सभी सामग्री की सप्लाई शुरू हो गई है। वहीं 21 दिन से गमलीगाड़ में बंद स्टेट हाईवे देवाल-लोहाजंग-वाण अभी तक नहीं खुलने से क्षेत्र के 15 ग्राम पंचायतों का संपर्क कटा है।
बलाण गांव के गोविंद सिंह, रणजीत सिंह ने बताया कि सड़क खुलने से राहत मिली है लेकिन स्टेट हाईवे देवाल-लोहाजंग-वाण सड़क पर गमलीगाड़ भूस्खलन जोन से अब तक मलबा नहीं हट पाया है। यहां बीते चार दिनों से पोकलेन मशीन मलबा हटाने में जुटी है। वहीं लोनिवि के ईई रमेश चंद्र ने कहा कि मलबा हटाने के लिए पोकलेन मशीन लगी है। शीघ्र यातायात के लिए सड़क खोल दी जाएगी। संवाद