ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ हाईवे पर अणीमठ में हो रहे भू-धंसाव वाली जगह पर बीआरओ ने मिट्टी और पत्थरों का भरान कर इसे समतल कर दिया है। रविवार से यहां वाहनों की आवाजाही भी सुचारु कर दी गई है। ज्योतिर्मठ और पीपलकोटी क्षेत्र में रोके गए वाहनों को उनके गंतव्य को भेजा गया। हालांकि अभी सड़क पर पेंटिंग नहीं की गई है।
अणीमठ में बदरीनाथ हाईवे पर भू-धंसाव हो रहा है। यहां सड़क पर जीरो बैंड में सड़क के ऊपर और नीचे दो हिस्से में सड़क कई मीटर तक धंस गई थी जिससे यहां मालवाहक वाहनों को चढ़ने में दिक्कत हो रही थी। ट्रक फंसने से हाईवे पर जाम लग रहा था। जिला प्रशासन के निर्देश पर बीआरओ ने हाईवे के धंसाव वाले हिस्से में सुधारीकरण कार्य शुरू किया। इसके लिए शनिवार रात नौ बजे से रविवार सुबह पांच बजे तक यहां वाहनों की आवाजाही बंद रखी थी। बीआरओ ने रातभर यहां मिट्टी और पत्थरों से भरान किया जिसके बाद सड़क समतल हो गई है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि अणीमठ में हाईवे को समतल कर वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु कर दिया गया है।