गोविंदघाट गुरुद्वारा प्रबंधन और जिला प्रशासन आगामी 25 मई से शुरू हो रही हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों में जुट गए हैं। जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड गोपेश्वर के अधिकारियों को 30 अप्रैल तक गोविंदघाट से पुलना गांव तक चार किलोमीटर सड़क के डामरीकरण के निर्देश दिए हैं।
इस वर्ष सिख तीर्थयात्रियों के लिए गोविंदघाट के बजाय पुलना गांव से घोड़ा और डंडी-कंडी की व्यवस्था की गई है। पुलना गांव तक यात्री अपने वाहनों से जा सकेंगे। लोनिवि ने सड़क को वाहनों का संचालन के लिए तैयार कर दिया है।
गुरुद्वारा प्रबंधन ने जिलाधिकारी से पुलना में घोड़ा पड़ाव के लिए जगह चिह्नित करने और गोविंदघाट में 108 एंबुलेंस सेवा के साथ ही एक चिकित्सक और फार्मेसिस्ट की तैनाती की मांग की है। गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन और पुलिस अधीक्षक प्रीति प्रियदर्शिनी को हेमकुंड तीर्थयात्रा से सुगम और सुरक्षित बनाने को लेकर चर्चा की।
प्रबंधक सेवा सिंह ने प्रशासन से यात्रा मार्ग पर दो घोड़ों के साथ एक घोड़ा संचालक की व्यवस्था करने, यात्रा मार्ग पर चलने वाले घोड़ों का आवश्यक रूप से पंजीकरण करवाने, घोड़ा संचालकों को परिचय पत्र दिए जाने, गोविंदघाट से पुलना तक सड़क किनारे क्रश बैरियर लगवाने, गोविंदघाट और घांघरिया में डाक्टर और फार्मेसिस्ट की तैनाती करने एवं भ्यूंडार व घांघरिया में एसडीआरएफ की टीम तैनात करने की मांग उठाई है।