हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर स्थित पुलना में शीघ्र संचार सेवा शुरू हो जाएगी। यहां रिलायंस जियो की ओर से मोबाइल टावर लगाने का काम पूरा कर लिया गया है।
गोविंदघाट से घांघरिया के बीच पैदल ट्रेक पर संचार सुविधा न होने पर हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। यात्रा के दौरान तीर्थयात्री अपने परिचितों से संपर्क भी नहीं कर पाते हैं। साथ ही पुलना और भ्यूंडार गांव के ग्रामीणों के लिए भी यहां संचार की कोई सेवा नहीं है। ग्रामीणों को एक फोन करने के लिए पांच किलोमीटर की दूरी तय कर गोविंदघाट आना पड़ता है। ग्रामीणों और तीर्थयात्रियों की दिक्कतों को देखते हुए रिलायंस जियो की ओर से यहां मोबाइल टावर लगाया गया है। विंध्या टेलीलिंक्स के सहायक महाप्रबंधक रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि पुलना गांव में मोबाइल टावर लगा दिया गया है। जल्द ही टावर शुरू कर दिया जाएगा।