झमाझम बारिश से सुहावना हुआ बदरीनाथ का मौसम
बदरीनाथ/गोपेश्वर/कर्णप्रयाग। पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार को दोपहर बाद बदरीनाथ धाम में झमाझम बारिश होने से वहां का मौसम सुहावना बना हुआ है जबकि गोपेश्वर व आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई।
शुक्रवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और बदरीनाथ धाम में झमाझम बारिश शुरू हो गई। लोग छाते व रेनकोट में दर्शनों के लिए लाइन में लगे रहे। वहीं बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी भी हुई है। इससे धाम में ठंडक महसूस हो रही है। धाम में पहुंचे हजारों श्रद्धालु इस मौसम में आनंदित नजर आए। वहीं शाम करीब चार बजे गोपेश्वर व आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम बदला और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। हवा इतनी तेज थी कि कई जगह पर लोगों का सामान भी उड़कर दूर तक चला गया। वहीं कर्णप्रयाग में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। ऊपरी क्षेत्रों में बारिश के कारण निचले इलाकों में ठंडी हवा चली। शुक्रवार को दोपहर में तापमान 35 डिग्री था जबकि हल्की बूंदाबांदी के बाद तापमान लुढ़कर शाम को 31 डिग्री तक पहुंच गया। संवाद