डिग्री कॉलेज तलवाड़ी में शिक्षकों की नियुक्ति सहित 13 सूत्री मांगों को लेकर छात्रसंघ के बैनर तले छात्र नेताओं का आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी रहने से अनशनकारी से छात्रों के स्वास्थ्य में गिरावट आई है।
सोमवार को नायब तहसीलदार सुदर्शन सिंह बुटोला ने अनशन पर बैठे छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र नहीं माने। अनशनकारियों ने कहा कि जब तक शिक्षा विभाग के निदेशक स्तर का अधिकारी अथवा शिक्षा मंत्री लिखित रूप में मांगों के निराकरण की बात नहीं करेगा, तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा। सोमवार को दोपहर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली से डॉ. प्रशांत रावत के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम ने अनशन स्थल पर जाकर उनके स्वास्थ्य की जांच की। डॉ. रावत ने बताया कि छात्र सूरज कुमार, पंकज कुमार, मनीष कुमार और सूरज जोशी के स्वास्थ्य में गिरावट है। अनशन स्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुभाष जखमोला ने बताया कि ग्वालदम के चौकी इंचार्ज आशीष रवियान को तलवाड़ी भेजकर रिपोर्ट मंगवाई गई है।