गोपेश्वर। जिला कारागार पुरसाड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। कारागार में 80 कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शनिवार को वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुनीत कुमार की मौजूदगी में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। ईएनटी सर्जन डॉ. दिग्विजय, फिजीशियन डॉ. जगजीत गुहा, इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. पंकज रावत ने स्वास्थ्य जांच की। पैथोलॉजिस्ट विजय नेथवाल ने 20 बंदियों के खून के सैंपल लिए। सचिव प्राधिकरण पुनीत कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य मानवाधिकार का अभिन्न अंग है और बंदियों को भी यह अधिकार समान रूप से प्राप्त है। अधिवक्ताओं ने कैदियों को विधिक अधिकारों और कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अधिवक्ता समीर बहुगुणा, मोहन पंत, प्रभारी जेलर त्रिलोक चंद्र आर्य और फार्मासिस्ट सत्यपाल सिंह पड़ियार आदि मौजूद रहे। संवाद