जिला प्रशासन की ओर से सीमांत गांव मलारी में मल्टी स्पेशलिस्ट निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भोटिया जनजाति के 167 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य की जांच कराई। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना की अध्यक्षता में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कैलाशपुर, महरगांव, कोषा, नीती, बांपा, गमशाली, फरकिया, झेलम, जुम्मा, मलारी आदि गांव के ग्रामीण पहुंचे थे। इस दौरान जनरल सर्जन, आर्थो सर्जन, स्त्री व बाल रोग विशेषज्ञ, ईएनटी सर्जन आदि विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। शिविर में तीन दिव्यांग प्रमाणपत्र भी बनाए गए। महिला रोग विशेषज्ञ ने 29 महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए उच्च सेंटर रेफर किया। इन सभी महिलाओं का निशुल्क अल्ट्रासाउंड कराया जाएगा। इसके अलावा शिविर में 25 लोगों के आयुषमान कार्ड भी बनाए गए। वहीं समाज कल्याण विभाग की ओर से पेंशन संबंधी 65 आवेदनों का सत्यापन किया गया।