ब्लॉक के न्याय पंचायत मज्याड़ी के बाजारों और गांवों में पेड़ों को छू रहे झूलते विद्युत तार खतरे का सबब बने हुए हैं, जिससे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में निगम की लापरवाह कार्य प्रणाली पर रोष है।
जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेश डिमरी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह लडोला, अशोक डिमरी, दीप चंद्र आदि ने बताया कि न्याय पंचायत मज्याड़ी के सिमली बाजार, सिमली गांव, डिम्मर, सैंण, भभराड़ी, विद्यापीठ बस्ती, सिरोसैंण, मठोली, चूलाकोट, बणगांव आदि स्थानों पर ऊर्जा निगम की ओर से वर्षों से विद्युत लाइनों की मरम्मत का कार्य नहीं किए जाने से लाइन हरे पेड़ों के बीच से झूल रही है।
कहा कि कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से पेड़ों की लॉपिंग करने और झूलते तारों को व्यवस्थित करने की मांग की थी, लेकिन निगम की ओर से सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों और राहगीरों को हर समय खतरा बना हुआ है।
उन्होंने प्रशासन और निगम के अधिकारियों से विद्युत लाइन को व्यवस्थित करने की मांग की है। ऊर्जा निगम के एसडीओ गुलशन बुलानी ने कहा कि मामले को संज्ञान में लेकर विभागीय कर्मियों को विद्युत लाइनों को व्यवस्थित करने के निर्देश शीघ्र दे दिए जाएंगे।