इस वर्ष व्यवसायी बदरीनाथ और हेमकुंड की तीर्थयात्रा के शुरू होने को लेकर खासे उत्साहित हैं। कारण, यहां यात्राकाल के लिए साठ फीसदी एडवांस बुकिंग हो चुकी है। जलप्रलय के बाद इस वर्ष मुख्य पड़ाव चमोली, पीपलकोटी और जोशीमठ के लिए इतनी बुकिंग हो पायी है।
जोशीमठ होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश रंजन भिलंगवाल का कहना है कि इस वर्ष बीते वर्ष की अपेक्षा दुगुनी एडवांस बुकिंग मिल रही है। सभी होटलों में वर्तमान तक यात्राकाल के लिये बुकिंग हो चुकी है।
वहीं जीएमवीएन के प्रबंधक पीएन सेमवाल का कहना है यात्राकाल के लिये ऑनलाइन के साथ ही सीधी बुकिंग भी मिल रही है जिससे इस वर्ष यात्रा के बीते वर्षों की अपेक्षा बढ़ने के आसार हैं।
वहीं, पीपलकोटी के होटल व्यवसायी अतुल शाह, सज्जन लाल शाह और सुरेंद्र रावत का कहना है कि इस बार फरवरी माह से ही होटलों की एडवांस बुकिंग मिलने लगी थी। इस वर्ष यात्रा मार्ग के होटल व्यवसायियों के पास यात्राकाल के लिये वर्तमान तक पचास फीसदी से अधिक बुकिंग आ चुकी हैं।