नंदप्रयाग-घाट सड़क को डेढ़ लेन चौड़ीकरण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का आंदोलन रविवार को 51वें दिन भी जारी रहा। रविवार को बांसवाड़ा गांव के हरेंद्र सिंह बिष्ट ने भी अनशन शुरू कर दिया है, जबकि पांच लोग पहले से ही अनशन पर बैठे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाट के चिकित्सकों ने अनशनकारियों के स्वास्थ्य की जांच की। वहीं, अनशन स्थल पर पहुंचे पिंडर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्य डीडी कुनियाल ने कहा कि घाट सड़क को डेढ़ लेन तक चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से चल रही है। सरकार को स्थानीय लोगों की मांग को शीघ्र पूरा कर देना चाहिए। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य आशा धपोला, महेश शंकर त्रिकोटी, देवराज, मनोज परिहार, पूर्व जेष्ठ प्रमुख जय सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।