पीएमजीएसवाई की लापरवाही के कारण कर्णप्रयाग तहसील के अंतर्गत सीरी-सिरपा मोटर मार्ग बदहाल बना है। सड़क पर बने गड्ढों से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ है। कई बार अधिकारियों से समस्या बताने के बाद भी कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है।
कर्णप्रयाग तहसील में अंतर्गत सिरपा गांव की सड़क के दुर्दशाग्रस्त होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिरपा गांव के मूल निवासी कैप्टन नरेंद्र सिंह कोटियाल ने बताया कि लंबे संघर्ष के बाद उनके गांव के लिए सड़क की मंजूरी दी गई। उसके बाद सड़क पर काम शुरू तो हो गया, लेकिन कई वर्षों से सड़क आधी-अधूरी बनी है। सड़क पर डामरीकरण भी नहीं हुआ है। पुश्ते क्षतिग्रस्त पड़े हैं और नालियां भी नहीं बनाई गई हैं। सड़क बदहाल होने से ग्रामीण जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पीने के पानी की व्यवस्था भी नहीं है, जिससे उन्हें प्राकृतिक स्रोत से पानी भरना पड़ रहा है। इसके अलावा मोबाइल नेटवर्क की समस्या से भी ग्रामीण परेशान हैं। लोगों को देहरादून, श्रीनगर आदि जगहों पर पढ़ने वाले अपने बच्चों से बात करने के लिए कर्णप्रयाग आना पड़ता है। कै. कोटियाल एवं ग्रामीणों ने सीरी-सिरपा सड़क के डामरीकरण सहित सीरी-सलियाणा, कोटी-ग्वालखेत, बगोली-कोटी आदि सड़कों को दुरुस्त करने की मांग की है। इधर, पीएमजीएसवाई के अधिशाषी अभियंता प्रमोद गंगाड़ी ने कहा कि सीरी-सिरपा मोटर मार्ग पर पुश्ते और नाली बनाने के बाद आगामी अक्तूबर महीने में डामरीकरण किया जाएगा।