मौसम की बेरुखी ने काश्तकारों को परेशानी में डाल दिया है। मंगलवार को जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने गेहूं की फसल को चौपट कर दिया है।
पोखरी ब्लाक के गांवों में गेहूं की खड़ी फसल पकने के कगार पर थी, लेकिन ओलावृष्टि ने काश्तकारों की मेहनत पर पानी फेर दिया। क्यूंजा घाटी के गांवों, ग्राम पंचायत पोगठा, गोदी गिंवाला, रौता, बंगथल, खाल बजेठा और भिकोना में भी ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों और साग-सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है। पोगठा गांव के पूर्व प्रधान बलराम सिंह नेगी, जगदीश नेगी और खाल के प्रधान चंद्रमोहन नेगी का कहना है कि एक तरफ लॉकडाउन के कारण लोगों की आर्थिकी चौपट हो गई है, वहीं ओलावृष्टि ने काश्तकारों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने पोखरी एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर ओलावृष्टि से फसलों को हुई क्षति का आंकलन कर मुआवजा देने की मांग उठाई। संवाद