राड़ीबगड़ से कुराड़ गांव जा रहे एक व्यक्ति पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। दो युवकों ने साहस दिखाते हुए घायल को गुलदार के चंगुल से बचाकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रेंजर गोपाल सिंह बिष्ट और पुलिस थाना प्रभारी मदन लाल ने घटना की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम पांच बजे कुराड़ निवासी गंगा दत्त देवराड़ी (48) पुत्र गोपाल दत्त अपनी स्कूटी से घर कुराड़ जा रहा था। बताया जा रहा है कि राड़ीबगड़ में अलकनंदा वन प्रभाग के कार्यालय परिसर के समीप गुलदार ने गंगा दत्त पर चलती स्कूटी में हमला कर दिया।
गुलदार के झपटे से गंगा दत्त दूर गिर गया। इतने में घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर दो युवक साहित्य जोशी और महेंद्र नेगी घूम रहे थे। गुलदार को देख दोनो युवकों ने पत्थर उठाए और जब तक गुलदार सड़क पर गिरे गंगा दत्त पर दूसरा झपट्टा मारता, तब तक युवकों ने गुलदार पर पत्थर बरसाते हुए शोर मचा दिया।
गुलदार जंगल की ओर भाग गया। बाद में गंगादत्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। ग्रामीणों ने गुलदार से निजात दिलाए जाने की मांग की है।