वर्षों से पेयजल किल्लत से जूझ रहे ग्राम पंचायत मनोड़ा में स्वजल पेयजल योजना के निर्माण के लिए शासन से 48 लाख 72 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिली है। कार्यदायी विभाग जल निगम की ओर से निर्माण कार्य की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जल्द ग्रामीणों को पेयजल समस्या से निजात मिल जाएगी।
जल संस्थान की ओर से निर्मित पेयजल योजना से ग्राम पंचायत मनोड़ा के ग्रामीणों को पानी की पूरी आपूर्ति नहीं हो रही है। गर्मियों में जल संस्थान को गांव में पानी के टैंकरों से पेयजल आपूर्ति करनी पड़ती है। ब्लॉक प्रमुख यशपाल सिंह नेगी और ग्राम प्रधान मनोड़ा किशोर मनोड़ी ने बताया कि अब शासन से स्वजल परियोजना के पेयजल योजना की स्वीकृति मिली है, जिससे पेयजल समस्या से निजात मिल सकेगी। जल निगम के अधिशासी अभियंता ऐके गुप्ता ने बताया कि तीन फेज वाली पेयजल योजना का निर्माण 20 फरवरी से शुरू कर दिया जाएगा।