बदरीनाथ हाईवे पर क्षेत्रपाल में स्थित सेना कैंटीन में आयोजित तीन दिवसीय पेंशन मेले का रविवार को समापन हो गया। मेले में बताया गया कि सैनिक और सैनिकों के आश्रित सेना कैंटीन से अब पांच हजार तक का सामान खरीद सकते हैं। अभी तक मात्र ढाई हजार रुपये तक का सामान ही कैंटीन से मिलता था।
यही नहीं अब कैंटीन में उपलब्ध सामान की जानकारी भी सैनिकों को टेलीफोन पर मिलेगी। सेना के ब्रिगेडियर जीएस जामवल (सेना मेडल) और गढ़वाल स्काउट के कमान अधिकारी कर्नल सांतनु राय ने पूर्व सैनिकों के पाल्यों को भर्ती संबंधित जानकारी, बिचौलियों से दूर रहने और पुनर्वास की जानकारी दी। कई सैनिकों का मेडिकल परीक्षण भी किया गया। मेले में करीब चार सौ पूर्व सैनिकों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर ले. कर्नल टीसी शर्मा, कै. तन्मय अग्रवाल, नायब सूबेदार प्रवीण कुमार, चंद्रमोहन, आशीष, किशन, राजेंद्र और यशवंत आदि मौजूद थे।