चमोली दुग्ध संघ सिमली में दूध का उपार्जन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन योजना शुरू कर दी गई है। पहले चरण में 10 नवंबर, 2014 से 31 जनवरी, 2015 तक की प्रोत्साहन राशि जल्द उत्पादकों को दी जाएगी।
इसके लिए राज्य सरकार से संघ को 8 लाख की राशि मिल चुकी है। योजना के तहत संघ को अच्छा दूध देने वाले उत्पादकों को अच्छे दाम मिलेंगे।
राज्य सरकार की ओर से शुरू की प्रोत्साहन योजना के तहत काश्तकारों को प्रति लीटर दूध पर 4 रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि दी जानी है। सिमली दुग्ध संघ से वर्तमान में 1335 पशुपालक अपना दूध देते हैं।
उत्पादक संघ को अच्छा दूध दें इसके लिए प्रोत्साहन राशि दिए जाने के लिए मानक बनाए गए हैं जिसमें 7.5 एसएनएफ (सॉलिड नॉन फैट) से लेकर 7.99 एसएनएफ तक तीन रुपये प्रति लीटर और 8.00 से अधिक एसएनएफ वाले दूध देने वाले उत्पादकों को 4 रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। हालांकि अभी प्रबंधन सर्वे के काम में जुटा है। माना जा रहा है कि योजना के तहत संघ से जुड़े 90 फीसदी उत्पादक लाभान्वित होंगे।
दो नई समितियां हुई शुरू
चमोली दुग्ध संघ सिमली ने दूध का उपार्जन बढ़ाने के लिए दो नई समितियों को शुरू किया है। नई समितियां कर्णप्रयाग ब्लाक के तेफना और थिरपाक में शुरू हुई हैं जिनसे अभी 20 लीटर दूध संघ में आना शुरू हो गया है।