नारायणबगड़। कोरोना महामारी के कारण मार्च माह से शिक्षण संस्थाएं बंद हैं। शहरी क्षेत्रों में ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के संचार सेवा के अभाव में बच्चों की पढ़ाई मुश्किल बनी है। ऐसे में जीआईसी आलाकोट के एनएसएस के स्वयं सेवियों ने ‘मिशन कोशिश शिक्षण संवाद’ के तहत प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को पढ़ाने का बीड़ा उठाया है। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी रमेश देवराड़ी ने बताया कि इस मिशन के तहत स्वयं सेवी छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय के निकटवर्ती गांव भटियाणा, मैटा तथा आलकोट के प्राथमिक स्कूलों के बच्चों को पढ़ाने में लगे हैं। स्वयं सेवी मनमोहन, अभिषेक, अजय बिष्ट, संध्या, राखी, पुष्पा, गायत्री बच्चों को पढ़ाने के साथ ही गांवों में ग्रामीणों के सहयोग से स्वच्छता कार्यक्रम भी चला रहे हैं। संवाद