विजय दिवस के उपलक्ष्य में स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय बालक वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता का खिताब जीआईसी गोपेश्वर की ब्लू टीम ने अपने नाम किया। प्रतियोगिता में जिले की कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया था। विजेता और उप विजेता टीमों को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी चमोली ले. कर्नल बीएस रावत ने पुरस्कार दिए।
शहीदों की स्मृति में खेल विभाग और नगर पालिका गोपेश्वर ने संयुक्त रूप से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया। सोमवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तराखंड वॉलीबाल एसोसिएशन के महासचिव हेम पुजारी ने किया। सोमवार को हुए फाइनल में जीआईसी गोपेश्वर की ब्लू टीम ने अपनी ही स्कूल की रेड टीम को 20-25, 25-10 और 25-20 से हराया। मैचों के निर्णायक में जगदीश रावत, बबीता रावत, दीपक तिवाड़ी, संतोषी नेगी और स्कोरर रश्मि बिष्ट रहे। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी अविनाश दीपक, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शरत सिंह भंडारी, विनोद पंत, चमोली वॉलीबाल संघ के जिलाध्यक्ष अशोक रावत, पूर्व लोकपाल मनरेगा चमोली शेखर रावत, कमल किशोर सिंह, रमेश पंखोली, विकेंद्र चौहान, तनवीर अहमद, नवीन कुंवर, अजीत रावत, प्रदीप सिंह एवं खेल प्रेमी जनता खिलाड़ी मौजूद थे।