तिब्बत व्यापार से शुरू हुआ गौचर मेला आज (बृहस्पतिवार) से शुरू होगा। इस मेले ने अब औद्योगिक और सांस्कृतिक मेले का स्वरूप ले लिया है। यह मेला संस्कृति, बाजार, उद्योग तीनों के समन्वय के कारण पूरे उत्तराखंड में लोकप्रिय है। इस राज्य स्तरीय मेले को भव्य रुप देने में कोई कोर कसर न छूटे, इसके लिए चमोली जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिले में संस्कृति और तिब्बत व्यापार से जुड़ा गौचर मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत है, इसी कारण से प्रतिवर्ष मेले की भव्यता बढ़ रही है। जिला प्रशासन ने मेले केे आयोजन का जो खाका तैयार किया है, उसमें कई नए कार्यक्रमों को शामिल किया गया है। मेले में बॉलीवुड स्टार नाइट के साथ ही कई हस्तियों को बुलाने का निर्णय लिया गया है। बॉलीवुड प्लेबैक गायिका श्रद्धा पंडित, सूफी गायक वारसी बंधु और इंडिया गोट टैलेंट के प्रसिद्ध कलाकार हसन रिजवी भी इस बार गौचर मेले में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही फूड फेस्टेबल, योगा कैंप, फिल्म फेस्टिवल भी होगा।
गौचर मेले की व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश
कर्णप्रयाग। गौचर मेले की तैयारियों को लेकर डीएम स्वाति एस भदौरिया ने गौचर मेला मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने मेला मैदान में लगे स्टॉलों, मुख्य प्रवेश द्वार, वाहन पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विभागीय अधिकारियों से सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार गौचर मेला अपने बहुआयामी रंग में देखने को मिलेगा। मेले में जहां राष्ट्रीय स्तर के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे, वहीं मेले के दौरान एडवेंचर स्पोर्ट्स, रिवर राफ्टिंग, एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं भी होंगी। इस मौके पर एसडीएम देवानंद शर्मा, नायब तहसीलदार मानवेंद्र बर्त्वाल, एसएचओ गिरीश चंद्र शर्मा सहित विभागीय कर्मी मौजूद थे।