लोग बोले, प्रेशर नहीं होने से घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गौचर। गर्मी बढ़ने के साथ ही पालिका क्षेत्र के कुछ वार्डों के छह से अधिक मोहल्लों में पेयजल संकट गहराने लगा है। ऐसे में लोगों को स्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
नगर क्षेत्र के पनाई तल्ली वार्ड, रावलनगर, साकेत नगर, भट्टनगर, द्रोणागिरी और शैल बसंतपुर के कुछ मोहल्लों में जलापूर्ति सुचारु न होने से लोगों के सामने पेयजल संकट बना हुआ है। सभासद चैतन्य बिष्ट, विनोद कनवासी और पूनम रावत का कहना है कि सुबह और शाम कुछ देर के लिए ही पानी की सप्लाई हो रही है लेकिन लाइनों में पानी का पूरा प्रेशर न होने से सभी जगह सप्लाई नहीं पहुंच रही है। वहीं जल संस्थान की अवर अभियंता आइशा कनवासी ने बताया कि साकेत नगर, भट्टनगर, द्रोणागिरी और पनाई तल्ली वार्ड में सुबह-शाम तीन-तीन घंटे पानी की सप्लाई की जा रही है। लोगों ने दिनभर जलापूर्ति की मांग है लेकिन पानी टैंकों में स्टोरेज भी करना होता है। संभव है किसी के घर के निजी लाइन ब्लाॅक होने की समस्या हो। मोहल्लों का निरीक्षण कर समस्या का निराकरण कर लिया जाएगा।