फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चमोली: गैरसैंण में पेयजल संकट होगा दूर, सत्र से पहले रिखोली-सलियाणा के लिए 1.2 करोड़ की योजनाएं मंजूर

Mon, 26 Oct 2026 02:44 PM IST
Renu Saklani लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, संवाद न्यूज एजेंसी, कर्णप्रयाग (चमोली)

सार

भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र से पहले गैरसैंण को पेयजल योजनाओं की सौगात मिली है। रिखोली और सलियाणा के लिए करीब 1.2 करोड़ रुपये की दो योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इससे दोनों गांवों समेत दो हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
गैरसैंण - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गैरसैंण के भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र से पहले दो नई पेयजल योजनाओं को स्वीकृति मिली है। इन योजनाओं पर करीब 1.2 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे सलियाणा और रिखोली गांवों सहित दो हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा।

स्वीकृत योजनाओं में सलियाणा नगरीय पेयजल योजना शामिल है जिस पर 64 लाख रुपये का खर्च आएगा। दूसरी योजना रिखोली नगरीय पेयजल योजना है जिसके लिए 55.64 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि इन दो नई योजनाओं से नगर की पेयजल समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने बताया कि गैरसैंण के लिए सिलकोट पेयजल योजना पहले ही बन चुकी है लेकिन दिक्कतें बरकरार थीं। अब इन नई योजनाओं से समस्या से लगभग निजात मिल जाएगी।

जल्द होगा झील निर्माण का भूमि पूजन

विज्ञापन

गैरसैंण की दीर्घकालिक पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए रामगंगा नदी पर प्रस्तावित बहुउद्देशीय झील को भी जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। यह झील विधानसभा परिसर भराड़ीसैंण और आसपास के कई गांवों को पेयजल एवं सिंचाई की सुविधाएं देगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना को स्वीकृति देने का आश्वासन दिया था। इसके भूमि पूजन की तैयारी शीघ्र की जाएगी। इसके अतिरिक्त, चमोली जिले के राजकीय इंटर कॉलेज आगरचट्टी में विज्ञान वर्ग के चार नए पदों को भी मंजूरी मिली है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही विद्यालय में विज्ञान विषयों की पढ़ाई का अवसर मिलेगा।

Trending Videos
विज्ञापन

गैरसैंण के होटल व्यवसायियों का आज होगा भुगतान

भराड़ीसैंण में मार्च 2026 में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान गैरसैंण के होटल व्यवसायियों को देय करीब 12 लाख रुपये का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। इससे नाराज व्यवसायियों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था। उपजिलाधिकारी अबरार अहमद ने सोमवार को बकाया भुगतान करने का आश्वासन दिया है। व्यवसायियों ने स्थानीय एक होटल में बैठक करते हुए कुंवर सिंह झिंक्वाण, विक्रम मेहरा, दिगम्बर गैड़ी, शिवदत्त पाठक, विरेंद्र सिंह और कृष्णा नेगी आदि ने कहा कि होटल व्यवसायियों का भुगतान लंबे समय से लटके होने के कारण उन्हें आर्थिक संकट उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पिछले बकाया का भुगतान सत्र शुरू होने से पहले कराने की मांग की। व्यवसायियों ने स्पष्ट किया कि जब तक वित्त वर्ष 2025-26 का पूरा बकाया नहीं चुकाया जाता तब तक इस बार होने वाले सत्र में सहयोग नहीं करेंगे। एसडीएम अबरार अहमद ने बताया कि करीब 12 लाख रुपये का भुगतान 26 अक्तूबर को पात्र व्यवसायियों को कर दिया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित व्यवसायियों को कार्यालय में आकर भुगतान प्राप्त करने को कहा। एसडीएम ने बताया कि जिलाधिकारी ने शुक्रवार रात को ही बकाया भुगतान की संस्तुति देकर समस्या का त्वरित समाधान किया है। संवाद

ये भी पढे़ं...महर्षि वाल्मीकि जयंती: अखिलेश और राहुल गांधी पर बरसे सीएम धामी, बोले-उत्तराखंड के मान-सम्मान से बड़ा कुछ नहीं

विधानसभा सत्र : सिमली-गैरसैंण हाईवे पर नहीं चलेंगे भारी वाहन

भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के कारण सिमली-गैरसैंण हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध 26 से 29 अक्तूबर तक प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेगा। चमोली पुलिस ने भराड़ीसैंण में होने वाले सत्र के लिए यातायात एडवाइजरी जारी की है। वीआईपी, जनप्रतिनिधियों और आम जनता की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। गैरसैंण से भराड़ीसैंण नगर क्षेत्र के मध्य भारी मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। आवश्यक सामान पहुंचाने वाले वाहन रात आठ बजे के बाद आ सकेंगे। गढ़वाल से कुमाऊं जाने वाले मालवाहक वाहनों के लिए कर्णप्रयाग-सिमली-ग्वालदम मार्ग वैकल्पिक रहेगा। चमोली पुलिस ने सभी वाहन चालकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील की है। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें