राजदरबार में बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि होगी घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर डिम्मर में पूजा-अर्चना के बाद गाड़ूघड़ा मंगलवार को ऋषिकेश के लिए रवाना हुआ। ऋषिकेश में रात्रि विश्राम के बाद गाड़ूघड़ा आज (बुधवार) नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंचेगा और यहां बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की जाएगी।
डिम्मर गांव के श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर में मंगलवार को ब्रह्मबेला पर राकेश डिमरी, हेमचंद्र डिमरी, ज्योतिष डिमरी, संजय डिमरी आदि ने विष्णु सहस्त्रनाम और नामावलियों से श्रीलक्ष्मीनारायण और गाड़ूघड़ा की महाभिषेक पूजा कर भोग लगाया। इसके बाद परंपराओं का निर्वहन करते हुए डिमरी पुजारी गाड़ूघड़ा लेकर टिहरी राजदरबार नरेंद्रनगर के लिए प्रस्थान किया। गाड़ूघड़ा के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्री बदरीश डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने बताया कि बुधवार को वसंत पंचमी पर्व पर टिहरी नरेश के राजदरबार नरेंद्रनगर में बदरीनाथ के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की जाएगी। इस दौरान डिम्मर-उमट्टा धार्मिक पंचायत के अध्यक्ष विजयराम डिमरी, सुरेश डिमरी, हरीश चंद्र डिमरी, बुद्धि बल्लभ डिमरी, गोवर्द्धन प्रसाद, नरेश चंद्र, मोहन प्रसाद, जगदीश चंद्र, सावित्री देवी, शशि देवी, मंजू देवी, देवेश्वरी देवी गाड़ूघड़ा के साथ रवाना हुए।