गोपेश्वर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते डीएम हिमांशु खुराना।
- फोटो : GOPESHWAR
आजादी के 75 साल पूरे होने के जश्न को भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसके तहत जिलेभर में नौ से 15 अगस्त को हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने अधिकारियों की बैठक लेकर हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए। कहा कि बदरीनाथ धाम में भी तिरंगा फहराया जाएगा।
बैठक में डीएम ने कहा कि बदरीनाथ धाम में सभी घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों में तिरंगा फहराया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक से बने झंडे का उपयोग न करें। बदरीनाथ से लेकर जिले भर में आयोजित कार्यक्रम में सभी तीर्थयात्री, पर्यटक, स्थानीय व मंदिर समिति के अलावा एनसीसी, एनएसएस के स्वयंसेवी, स्वयं सहायता समूह, अधिकारी, कर्मचारी, सेना व सुरक्षा बलों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी, अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम कुमकुम जोशी, पुलिस उपाधीक्षक धन सिंह तोमर, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित, मुख्य शिक्षा अधिकारी कुलदीप गैरोला और जिला पर्यटन विकास अधिकारी एसएस राणा आदि मौजूद रहे।