संवेदनशील जगहों पर लगाए ट्रैप कैमरे
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। नगर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से भालू की दहशत बनी हुई है। भालू से लोगों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की ओर से चार क्विक रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं। भालू दिखने की सूचना मिलते ही टीम क्षेत्र में पहुंचकर गश्त कर रही है।
नगर में पिछले कुछ दिनों से डांडों व नर्सिंग वार्ड में भालू दो बच्चों के साथ घूम रहा है। नंदा देवी वन प्रभाग के वन क्षेत्राधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि संवेदनशील जगहों पर ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। विभाग ने चार रिस्पांस टीमें गठित की हैं जो सूचना मिलने पर उस क्षेत्र में गश्त करते हुए भालू के खतरे को कम करने का प्रयास कर रही है। कहा कि भालू भोजन की तलाश में नगर में आ रहे हैं। सभी लोगों से आसपास की झाड़ियों को काटने, कूड़े का निस्तारण करने के लिए कहा जा रहा है। मवेशियों की सुरक्षा के लिए धुआं लगाने व नगर पालिका को सार्वजनिक रास्तों पर झाड़ियां काटने और अंधेरी जगह पर प्रकाश की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। टीम में उप प्रभागीय वनाधिकारी सुमन, वन क्षेत्राधिकारी गौरव नेगी, वन दरोगा बलवंत गुसाईं, बीट अधिकारी आनंद सिंह रावत, नीरज, दिवाकर, नितेश, सुशील, अमित, विक्रम आदि कर्मचारी शामिल हैं।