नगर क्षेत्र से लापता हुईं तीन नाबालिग छात्राएं 24 घंटे की खोजबीन के बाद अगले दिन ग्रेफ चौराहे के पास एक पुराने टिनशेड के अंदर मिलीं। लापता होने की खबर और परिजनों की डांट से डर कर उन्होंने टिन शेड में ही रात बिताई थी।
शुक्रवार शाम तीन बजे ट्यूशन के लिए घर से निकली नगर क्षेत्र की तीन किशोरियां अचानक लापता हो गई थीं। देर रात तक बालिकाओं के घर न पहुंचने पर परिजनों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद बालिकाओं के परिजन, स्थानीय लोग, रेगुलर और राजस्व पुलिस जगह-जगह छानती रही। शनिवार को भी तलाश के दौरान ग्रेफ चौराहे के निकट एक पुराने टिन शेड में तीनों बालिकाओं के देखे जाने की सूचना पुलिस को स्थानीय लोगों ने दी। जिस पर शाम पौने तीन बजे बालिकाओं के परिजन टिन शेड के अंदर गए, जहां तीनों बालिकाएं खेलती मिलीं। परिजनों द्वारा तीनों बालिकाओं को पुलिस चौकी में लाया गया।
थाना प्रभारी प्रदीप राठौर, राजस्व उपनिरीक्षक जगदीश ओलिया, कांस्टेबल मुकेश कंडारी, कादिर खान, मुहम्मद शमी, अमित कुकरेती आदि की टीम ने परिजनों के समक्ष तीनों बालिकाओं से पूछताछ की। पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वह घर से साजो सामान लेकर क्रिसमस मनाने टिनशेड में गई थी और बाद में परिजनों की डांट के भय से घर नहीं लौटीं। तीनों किशोरियों को पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया।